गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश, 3 दिन के भीतर CCTV लगाने के आदेश!
संत कबीर नगर –
दिनांक 18 अगस्त 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जनपद के गो-आश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोवंशों के लिए चारा, पानी, शेड और स्वास्थ्य व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. तिवारी को सभी गो-आश्रय स्थलों में व्यवस्था पारदर्शी बनाने के लिए 3 दिनों के भीतर सीसीटीवी (CCTV) प्रणाली सुदृढ़ करने के कड़े निर्देश दिए।
मानसून के मौसम को देखते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों (BDO) और अधिशाषी अधिकारियों (EO) को वृहद व अस्थाई गो-आश्रय स्थलों में पानी का भराव न होने देने के आदेश जारी किए गए हैं।
अस्थाई गो-आश्रय स्थल ‘मोहद्दीनपुर’ के गोवंशों को तुरंत ‘कान्हा गौशाला कुरमौल’ में शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया।
खंड विकास अधिकारियों और पशु चिकित्सा अधिकारियों को गौशालाओं का नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण और गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण (रूटीन टेस्ट) करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी, BDO और EO उपस्थित रहे।
