संत कबीर नगर में प्राथमिक शिक्षकों के लिए ‘श्रीअन्न’ पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित।
संत कबीर नगर –
विकास खंड खलीलाबाद स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए ‘श्रीअन्न’ (मोटे अनाज) विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से विद्यालयों के बच्चों और अभिभावकों तक श्रीअन्न के पोषण, स्वास्थ्य लाभ और उपयोगिता की जानकारी पहुंचाना है।
उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. देवेश कुमार ने प्रेजेंटेशन के जरिए ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो, कुटकी और सांवा जैसी फसलों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मोटे अनाज कम पानी और विपरीत जलवायु में भी बेहतर उत्पादन देते हैं तथा फाइबर एवं आवश्यक खनिजों से भरपूर होने के कारण संतुलित आहार का अहम हिस्सा हैं।
शिक्षकों से अपील की गई कि वे बच्चों को सरल और रोचक गतिविधियों के माध्यम से श्रीअन्न के प्रति जागरूक करें।
बुवाई के समय, बीज दर, उर्वरक प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण और कटाई के बाद के प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी गई।
श्रीअन्न से बनने वाले स्वादिष्ट व पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी दी गई, जिससे दैनिक आहार में इनके उपयोग को बढ़ावा मिले।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की शंकाओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि) राम चौन, भूमि संरक्षण अधिकारी शशांक शेखर शुक्ला, सहायक विकास अधिकारी विजय प्रकाश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।
