बहराइच की सड़कों पर अब हाईटेक निगरानी, इंटरसेप्टर वाहन से होगी यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई ।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बहराइच पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश से प्राप्त आधुनिक सुविधाओं से लैस चारपहिया इंटरसेप्टर वाहन को पुलिस कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर/यातायात) आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह यादव, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन जनपद के प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से गश्त करेगा। वाहन के माध्यम से ओवरस्पीडिंग, बिना हेल्मेट दोपहिया वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करना तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।
इंटरसेप्टर वाहन में लगे आधुनिक उपकरण नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। पुलिस का मानना है कि इस पहल से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेल्मेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए यातायात नियमों का पालन करें।
