असाढ़ पूर्णिमा को निकली भव्य कलश यात्रा, शिवमय हुआ रिसिया नगर।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
सावन मास के प्रथम दिवस से प्रारंभ होने जा रहे श्री शिव महापुराण कथा, पार्थिव पूजन एवं रुद्राभिषेक महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पीत वस्त्र धारण किए सैकड़ों महिलाओं ने पंचवटी श्री सीताराम आश्रम से श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ किया।
कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान भगवान शिव के भक्ति गीतों एवं संगीतमय भजनों की मधुर धुनों पर युवा श्रद्धालु झूमते-नाचते रहे। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो गया। मार्ग में अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया!

आयोजकों ने बताया कि 30 जुलाई से 6 अगस्त तक रिसिया के सरस्वती नगर स्थित रामलीला मैदान में पूज्य संत रविशंकर गुरु भाई के सानिध्य में श्री शिव महापुराण कथा, पार्थिव पूजन एवं रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन होगा। प्रतिदिन कथा के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं रुद्राभिषेक संपन्न होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। थाना रिसिया प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय , उ0 नि0 किशन कुमार, हे0 का0 प्रभाकर राज सिंह, देवेंद्र सिंह, सर्वजीत यादव, शुभम वर्मा, मय पुलिस बल के साथ पूरे समय मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की सतर्कता एवं सहयोग से कलश यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं आस्था का वातावरण बना हुआ है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से कथा एवं धार्मिक अनुष्ठानों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। इस दौरान चैयरमैन पति रामू लाल, प्रेम गोयल, राजेश निगम, डॉ राजू निगम, डॉ शिवेंद्र ठाकुर, राजेश गोयल, अजितजंय भारतीय, शुनील जैन, गौरव गर्ग, रितिक भारतीय, रोहित मित्तल, श्रवण मित्तल,नूतन महेश्वरी सहित बड़ी संख्या में नेपाली श्रद्धालु जन शामिल रहें।
