गोरखपुर - बिगही-आशापार-पचौरी संपर्क मार्ग 50.75 लाख में होगा दुरुस्त ।
# टेंडर पास हुए महीनों बीते, काम शुरू न होने से दर्जनों गांवों के लोग परेशान ।
गोरखपुर- खजनी ।
विकासखंड के बिगही-आशापार-पचौरी संपर्क मार्ग के कायाकल्प के लिए उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग ने बजट स्वीकृत कर दिया है। महामहिम राज्यपाल की ओर से ए, बी, सी श्रेणी के पात्र मार्गों के अंतर्गत गोरखपुर के प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग क्षेत्र में इस मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु 50 लाख 75 हजार रुपये का टेंडर पास किया गया है। विभाग द्वारा कार्य पूर्ण करने की समय सीमा भी तय की गई है।लेकिन टेंडर पास हुए काफी समय बीत जाने के बाद भी जमीन पर काम शुरू न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। यह मार्ग खजनी क्षेत्र के दर्जनों गांवों की जीवनरेखा है। सुबह-शाम स्कूल, मंडी और अस्पताल जाने वाले सैकड़ों ग्रामीणों का आवागमन इसी एकमात्र मुख्य मार्ग से होता है। वर्तमान में सड़क की हालत बेहद जर्जर है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और टूटी पट्टियां हादसों को न्योता दे रही हैं। तस्वीरों में दिख रही बदहाली से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि ग्रामीण किन मुश्किलों से गुजरकर आ-जा रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि बजट स्वीकृत होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर मौन हैं। निचले स्तर से लेकर विधायक और सांसद तक किसी ने भी सड़क की सुध नहीं ली।ग्रामीणों ने कहा कि जब सड़क के लिए पैसा पास हो चुका है तो निर्माण में देरी क्यों? जनप्रतिनिधि जनता की मूलभूत समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। बरसात से पहले मार्ग को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि हजारों ग्रामीणों को राहत मिल सके।

