हत्या के बाद गायब बताई गई महिला जीवित बरामद कर रिसिया पुलिस ने खोला मामले का राज।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया – बहराइच ।
बहराइच रिसिया न्यायालय के आदेश पर थाना रिसिया में दर्ज हत्या कर शव गायब करने के मामले में पुलिस ने कथित मृतक महिला को जीवित बरामद कर मामले का खुलासा कर दिया। मामले की मानिटरिगं बहराइच पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा की गई और प्रभारी निरीक्षक रिसिया करुणाकर पाण्डेय व उप निरीक्षक को निर्देश निरंतर देते रहे। और पुलिस की जांच में हत्या का आरोप असत्य पाया गया, जिससे एक निर्दोष व्यक्ति को सजा होने से बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना मटेरा क्षेत्र के कुरवारी माफी निवासी कलावती पत्नी जगदीश ने न्यायालय के माध्यम से 17 अप्रैल 2026 को थाना रिसिया में पटना घुसियारी निवासी गणेश पुत्र मुनीजर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238-बी के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि गणेश ने उनकी पुत्री गुंजाना की हत्या कर शव को गायब कर दिया है। मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमितेंद्र सिंह द्वारा की जा रही थी।
पुलिस जांच में पता चला कि गुंजाना की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व गणेश से हुई थी। करीब डेढ़ वर्ष पहले पति-पत्नी रोजी-रोटी कमाने के लिए कपूरथला (पंजाब) गए थे। वहां से 27 जुलाई 2025 को गुंजाना बिना किसी को बताए कहीं चली गई थी। इस संबंध में उसके पति गणेश ने थाना सिटी कपूरथला में गुमशुदगी संबंधी प्रार्थना पत्र भी दिया था।
विवेचना के दौरान तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि गुंजाना का संपर्क जनपद हरदोई के बिलग्राम निवासी रवि पुत्र छोटेलाल से हुआ था और वह उसके साथ चली गई थी।
पुलिस ने लगातार तलाश के बाद 13 जून 2026 को गुंजाना को सकुशल बरामद कर लिया। जांच में महिला के जीवित मिलने के बाद हत्या के आरोप निराधार साबित हुए।
प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय के निर्देशन में महिला को बरामद करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमितेंद्र सिंह, कांस्टेबल राम किशोर तथा महिला कांस्टेबल स्मिता सैनी शामिल रहीं। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले का खुलासा हुआ और एक निर्दोष व्यक्ति को कानूनी कार्रवाई से राहत मिली।

(विश्वजीत श्रीवास्तव- पुलिस अधीक्षक बहराइच )

(करुणाकर पाण्डेय- प्रभारी निरीक्षक थाना रिसिया)
