बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी !
24 घंटे बाद मिला मासूम बच्ची का शव !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
खैरीघाट ( बहराइच )।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के मथुरा गांव में कक्षा तीन की एक मासूम छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची बीते 24 घंटे से लापता थी, जिसकी तलाश में परिजन और पुलिस लगातार जुटे हुए थे। रविवार को गांव के बाहर उसका शव मिलने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
मृत बच्ची की पहचान पूजा पुत्री अरविंद कुमार उम्र करीब 9 वर्ष निवासी मथुरा गांव के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था तथा शरीर पर कपड़े नहीं थे। इस स्थिति को देखकर ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि बच्ची के लापता होने के संबंध में परिजनों की तहरीर पर एक दिन पूर्व ही मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत और गम का माहौल बना हुआ है।
