तेज आंधी और बारिश के साथ गिरे ओले, मकान और वाहन को पहुंची हानि।
आंधी से पेड़ और विद्युत पोल गिरे,आपूर्ति हुई बाधित।
मगहर – संतकबीर नगर।
नगर पंचायत मगहर तथा आस पास के क्षेत्रों में बुधवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ली और भीषण धूल भरी आंधी के साथ पूरा इलाका धुंध छा गया। लोगों को चिलचिलाती गर्मी के बीच अचानक आसमान में धूल का ऐसा गुबार उठा कि राहगीरों के लिए आगे बढ़ना दूभर हो गया।तेज आंधी के कारण टीन टप्पर उड़े,लगभग आधा दर्जन से अधिक विद्युतपोल और कई पेड़ के गिरने से मकान और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।पोल गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई है।इसी बीच तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले भी गिरे। जिससे मौसम में नमी आने से गर्मी से राहत मिला।

बुधवार को अचानक से प्रकृति में हलचल हुआ और देखते ही देखते तेज रफ्तार से आंधी आई पूरा वातावरण धूल गुबार से ढक गया।जिसका सबसे ज्यादा असर सड़कों पर देखने को मिला। जहाँ उड़ती धूल और कम दृश्यता के कारण दुपहिया वाहनों और ई-रिक्शा के पहिये पूरी तरह थम गए। वाहन चालकों को मजबूरन सड़क किनारे शरण लेनी पड़ी। वहीं तेज आंधी के कारण एसबीआई शाखा मगहर के कैशियर धर्मवीर यादव की डिजायर यूपी 58 वाई 7165 बैंक सामने खड़ी थी जो पेड़ के गिरने से विद्युत पोल की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। मोहल्ला तिवारी टोला में स्थित कन्या जुनियरहाई स्कूल परिसर विशाल पेड़ मुन्नी लाल के मकान पर गिर गया जिससे घर क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं मोहनलालपुर निवासी दिग्विजय नाथ त्रिपाठी के मकान पर लगा टीन शेड उखड़ कर उड़ गया। मोहम्मदपुर कठार निवासी अरविन्द निषाद ने बताया कि गुमटी आंधी की चपेट आने से सारा सामान उड़ गया है।इस तरह से तेज आंधी की चपेट में आने से लोगों का काफी नुकसान हुआ है।बारिश होने से जहाँ एक ओर तापमान में गिरावट दर्ज की, वहीं दूसरी ओर अचानक आई इस आपदा ने राहगीरों की समस्याओं को बढ़ाते हुए जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया।

