डीपीआरसी हाल में बड़े ही धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जयंती।
जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक मेंहदावल व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।
आज का दिन नागरिकों को मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य सहित हर वर्ग के लिए समानता का अधिकार व सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को करेगा मजबूत – अनिल कुमार त्रिपाठी (मेंहदावल विधायक) ।
संतकबीर नगर –
जनपद में भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती पूरे धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विकास भवन परिसर के डीपीआरसी हाल में कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी व मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित समस्त अधिकारियों द्वारा बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए भावपूर्ण नमन किया गया।

विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी जी ने बाबा साहब के जयंती के अवसर पर समस्त जनपद वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी का पूरा जीवन समाज के कमजोर, दलित और शोषितों को न्याय दिलाने, विकास की मुख्य धारा में उन्हें शामिल करने और सामाजिक समरसता के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को बढ़ावा दिया, उन्होंने जातिगत भेदभाव के खिलाफ संघर्ष, संवैधानिक मूल्यों का पालन और एक समावेशी समाज का निर्माण किया।

विधायक जी ने कहा कि आज हम सब बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जयंती मना रहे है, तो यह भी आवश्यक है कि हम उनके विचारों को अपने आचरण में स्थान दें। समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान रूप से विकास, सम्मान और अवसर पहुंचाना ही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अपने सम्बोधन में सभी से आह्वान किया कि हम सब मिलकर एक ऐसे समतामूलक, न्यायप्रिय और प्रगतिशील समाज के निर्माण में सहयोग करें, जैसा डॉ0 अम्बेडकर जी ने सपना देखा था। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन हमें समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक करता है। हमें भी उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए शिक्षा, सामाजिक समरसता और न्याय के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के योगदान को जितना सराहा जाए उतना ही कम है, हम सब मिलकर उनके विचारों को आगे बढाने का कार्य करेंगे, उनके सिद्धान्तों एवं संविधान को अपने जीवन में आत्मसात करेगें, जिससे हम एक सशक्त, शिक्षित एवं समावेशी समाज का निर्माण कर सकें।

आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने जिला पंचायत अध्यक्ष व विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बाबा साहब के जयंती के अवसर पर सभी से उनके संघर्षों, आदर्शो एवं संविधान में उल्लिखित कानूनों का पालन करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
l
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी, उप कृषि निदेशक डॉ0 राकेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र सहित विकास भवन के अधिकारीगण, कर्मचारीगण, विद्यालयों की छात्र-छात्राएं एवं स्काउट-गाइड्स के बच्चे आदि उपस्थित रहे।
