अन्तिम मतदाता सूची में जनपद के मतदाताओं की संख्या हुई 22 लाख 21 हज़ार 435
SIR के पश्चात मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन ।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच ।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का अन्तिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को कर दिया गया है। निर्वाचक नामावलियों के अन्तिम प्रकाशन के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान में अन्तिम प्रकाशन के समय जनपद में कुल 2221435 मतदातों को मतदाता सूची में सम्मिलित किया गया है, जिसमें कुल 1212609 पुरूष मतदाता एवं 1008786 महिला मतदाता तथा 40 अन्य श्रेणी के मतदाता हैं।
डीएम ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व 27 अक्टूबर 2025 को जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 2648344 थी। जिसमें कुल 1395890 पुरूष मतदाता एवं 1252404 महिला मतदाता तथा 50 अन्य श्रेणी के मतदाता थे। जबकि आलेख्य प्रकाशन की तिथि 06 जनवरी 2026 को जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 2107016 थी। जिसमें कुल 1152126 पुरूष मतदाता, 954857 महिला मतदाता एवं 33 अन्य श्रेणी के मतदाता थे। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 प्रारम्भ होने की तिथि 27 अक्टूबर 2025 को जहां जनपद का जेण्डर रेशियो 897 था एवं ईपी रेशियो 56.03 था वहीं वर्तमान में अन्तिम प्रकाशन के समय जनपद का जेण्डर रेशियो 832 है एवं ईपी रेशियो 47.01 है।
डीएम ने बताया कि गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाईजेशन के समय कुल गणना प्रपत्रों 2648344 के सापेक्ष शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र मतदाताओं को वितरित किये गये। जिसमें से कुल 2107016 गणना प्रपत्र मतदाताओं से भरकर वापस प्राप्त हुए एवं 541328 गणना प्रपत्र अप्राप्त रहें। अप्राप्त गणना प्रपत्रों में 82234 मृतक, 140033 अनुपस्थित, 222747 शिफ्टेड, 87910 पूर्व से नामांकित एवं 8404 अन्य श्रेणी के पाये गये। जनपद में ऐसे मतदाता जिनकी मैपिंग 2003 की मतदाता सूची से न होने एवं तार्किक विसंगति के कारण कुल 541214 (150602 नो मैपिंग एवं 390612 तार्किक विसंगति) मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है। जिनका निस्तारण शत-प्रतिशत निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण के माध्यम से एवं बी.एल.ओ. के माध्यम से करा दिया गया है।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण प्रारम्भ होने से अब तक जनपद में कुल 133245 फार्म-06, 6526 फार्म-07 एवं 37858 फार्म-08 प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त एन.आर.आई. नागरिकों के कुल 13 फार्म-6ए प्राप्त हुए हैं। जिनका निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से करा दिया गया है। जनपद बहराइच में अवस्थित कुल 07 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 282-बलहा, 283-नानपारा, 284-मटेरा, 285-महसी, 286-बहराइच, 287-पयागपुर एवं 288-कैसरगंज अन्तर्गत मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा कुल 8151 बी.एल.ए. नियुक्त किये गये हैं। जिसमें भारतीय जनता पार्टी द्वारा 2711, समाजवादी पार्टी द्वारा 2671, बहुजन समाज पार्टी द्वारा 2711 एवं अपना दल द्वारा 58 बी.एल.ए. नियुक्त किये गये हैं। जनपद की कुल अनुमानित जनसंख्या 4725886 है, जिसमें कुल 2499142 पुरूष एवं कुल 2226744 महिला हैं। जनपद में मतदेय स्थलों एवं मतदान केन्द्रों की बात की जाए तो कुल मतदेय स्थलों की संख्या 2981 एवं मतदान केन्द्रों की संख्या 1388 है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार भी मौजूद रहे।
