तेज हवाओं के बीच लगी आग, 15 बीघा गेहूं जल कर राख।
धनघटा थाना क्षेत्र के दो स्थानों पर आग का कहर।
धनघटा, संतकबीर नगर ।
धनघटा थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर लगी आग से लगभग 15 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग पर काबू पाने के लिए गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत की, उसके बाद आग को बुझाया जा सका। इस बीच रास्ते से जा रहे तहसीलदार ने अग्नि की घटना को देखकर आग बुझाने में गांव के लोगों का सहयोग किया।
पहली घटना क्षेत्र के सिरसी गांव के सिवान में घटी। जहां अज्ञात कारणों से रामसहाय के खेत में आग लग गई। तेज हवाओं के चलते देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे राम सहाय के खेत के बगल स्थित खड़ी गेहूं की फसल आग के चपेट में आ गई। आग की लपटो को देखकर गांव के लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। तहसीलदार राम जी उसी समय राम जानकी मार्ग से होकर कहीं जा रहे थे। आग को देखते हुए वह भी अपने वाहन को खड़ी करके आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। अधिकारी को दौड़ता देख गांव के लोगों का साहस और बढ़ गया और थोड़ी देर बाद लोग आग पर काबू पा लिए। हल्का लेखपाल गिरिजेश ने बताया कि करीब 13 ,14 बीघा गेहूं की फसल जली होगी जिसका सर्वे किया जा रहा है। किन-किन किसानों का अभी तक नुकसान हुआ उनके नाम का पता जल्द कर लिया जाएगा।

दूसरी घटना ग्राम डेबरी में घटी, जहां सन्नी के खेत में अज्ञात कारणों से आग लगी और उनका और संतराम का करीब दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दोनों लोगों का एक-एक बीघा गेहूं की फसल जली है। गांव के लोग यहां भी आग पर काबू पाए। तहसीलदार धनघटा रामजी का कहना है कि दोनों जगह हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ितों की मदद की जाएगी।
