नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित किये गये नियुक्ति पत्र।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच 30 मार्च।
सुपोषित उत्तर प्रदेश सशक्त भारत के उद्देश्य से निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत नवचयनित 18,440 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, 69,804 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों/मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन का वितरण, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को 02 लाख से अधिक ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस का वितरण तथा रू. 450 करोड़ की लागत से निर्मित 3,170 आंगनवाड़ी केंद्र भवनों एवं 140 बाल विकास परियोजना कार्यालय भवनों के लोकार्पण/शिलान्यास के उद्देश्य से लोकभवन में मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का कपूरथला परिसर स्थित उत्थान आडिटोरियम में सजीव प्रसारण किया गया।

आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड ने सदर विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा व अन्य अतिथियों के साथ मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना हुज़ूरपुर, चित्तौरा व रिसिया हेतु नवनियुक्त 230 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र तथा परियोजना क्षेत्र नगर की 10 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रतिकात्मक रूप से मोबाइल का वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि जनपद बहराइच में 1376 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का चयन किया गया है। पयागपुर व विशेश्वरगंज को छोड़कर शेष समस्त बाल विकास परियोजनाओं अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम में मा. जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया।

समारोह को सम्बोधित करते पूर्व सांसद श्री गोंड ने सभी नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए पूरे मनोयोग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी। श्री गांेड ने कहा कि आप लोगों पर बच्चों एवं महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार द्वारा माह अप्रैल से वेतन वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। शीघ्र ही सहायिकाओं एवं मुख्य सेविकाओं को मोबाइल फोन का वितरण भी किया जायेगा। मुख्य विकास अधिकारी ने नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए आये हुए अतिथियों का आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सीडीपीओ हुज़ूरपुर विमल कुमार सिंह ने किया।
