गोरखपुर - मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता (पूर्व पार्षद) की हत्या ।
गोरखपुर -
गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद की हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर दोबारा हमला किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- बदमाशों ने सीने, सिर और हाथ पर चाकू से वार किए। इसके बाद वे कुछ देर तक वहीं रुके रहे और उनके मरने का इंतजार करते रहे। जब उन्हें लगा कि पूर्व पार्षद की मौत हो गई है, तब वहां से भाग गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और राजकुमार चौहान को बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल घटनास्थल तक पहुंचे थे। घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र में सुबह साढ़े 5 बजे हुई। यहां से गोरखनाथ मंदिर की दूरी 5 किमी है। वारदात की सूचना मिलते ही 200 से ज्यादा लोग जुट गए। गोरखपुर-सुनोली रोड जाम करके हंगामा करने लगे हैं। 10 थानों की पुलिस लोगों को समझाने में जुटी हुई है।
बताया जा रहा कि राजकुमार 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें राज्यसभा सांसद राधा मोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता था। उनकी सांसद के साथ रील भी है।
