गोरखपुर - घर में घुसकर टांगी से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
घर में घुसकर टांगी से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज।
गोरखपुर ।
गीडा थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर घर में घुसकर महिला पर टांगी से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अविनाश निषाद पुत्र सुभाष निवासी ग्राम सुकलहिया, थाना गीडा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार वादिनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुराने विवाद को लेकर आरोपी पक्ष के लोग एक राय होकर उसके घर में घुस आए और तोड़फोड़ करने लगे। इस दौरान वादिनी की सास ने विरोध किया तो अविनाश निषाद ने जान से मारने की नीयत से टांगी से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। साथ ही आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में थाना गीडा पर मु0अ0सं0 117/2026 के तहत धारा 191(2), 333, 115(2), 109, 74, 352, 351(3), 324(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को घटना में प्रयुक्त एक अदद टांगी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय, उपनिरीक्षक विकास मिश्रा और कांस्टेबल सुधायक वर्मा शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
