संदिग्ध स्थित में महिला की मौत, हत्या का आरोप ।
संदिग्ध स्थित में महिला की मौत, हत्या का आरोप ।
धनघटा – सन्तकबीर नगर।
धनघटा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सोमवार की शाम 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मायके वालों ने गला कसकर महिला की हत्या के आरोप लगाते हुए धनघटा पुलिस को तहरीर सौंपी है।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर निवासी द्रौपदी (32) पत्नी गजाधर ने सोमवार की शाम कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पति गजाधर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार ले गए। चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दूसरी तरफ मृतका के पिता बेलघाट, गोरखपुर निवासी जीतू पुत्र फेंकू ने धनघटा पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि मृतका के पति गजाधर पूर्व में कई बार द्रोपदी को शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर चुके है। उन्होंने तहरीर में द्रोपदी की गला कसकर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। द्रौपदी तीन मासूम बच्चों की मां थी। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही धनघटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
