प्रभारी मंत्री ने महर्षि बालार्क चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण।
प्रभारी मंत्री ने महर्षि बालार्क चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 28 फरवरी।
प्रदेश के मा. मंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच श्री सूर्य प्रताप शाही ने विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह व मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र के साथ महर्षि बालार्क चिकित्सालय बहराइच का औचक निरीक्षण कर चिकित्सालय भवन की साफ-सफाई, चिकित्सालय की ओर से मरीज़ों व उनके तीमारदारों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया। प्रभारी मंत्री श्री शाही ने इमरजेन्सी वार्ड, आई.सी.यू. वार्ड, ओ.पी.डी., ई.एन.टी. ओ.पी.डी., मेडिसिन ओ.पी.डी., औषधि वितरण केन्द्र, हिसंक पशुओं के हमलों में घायलों उपचार के लिए स्थापित आईसोलेशन, कैंसर वार्ड सहित अन्य वार्डों तथा ब्लड बैंक का निरीक्षण किया।

प्रभारी ने वार्डों के निरीक्षण के दौरान मरीज़ों एवं तीमारदारों से चिकित्सालय द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि शासन की मंशानुरूप मरीज़ों को अनुमन्य सुविधायें प्रदान की जाएं। श्री शाही ने सुझाव दिया कि वार्डों में एक मरीज़ के साथ एक अटेन्डेन्ट को अलाउड किया जाय जिससे अनावश्यक लोगों के कारण मरीज़ों के इलाज में बाधा न आये। प्रभारी मंत्री ने चिकित्सालय की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए प्राचार्य मेडिकल कालेज प्रो. डॉ. संजय खत्री व प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. परितोष मिश्रा को निर्देश दिया कि साफ-सफाई व्यवस्था के स्तर को बनाये रखें तथा चिकित्सालय औषधियों एवं संसाधन की कमी न होने पाये। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनूप कुमार, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मिथलेश, शल्य चिकित्सक डॉ. अमित श्रीवास्तव, चिकित्सालय प्रबन्धक रिज़वान अली सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
