मेंहदावल में 14.3 किमी सड़क का विधायक अनिल त्रिपाठी ने किया शिलान्यास।
Oplus_16908288
विधायक अनिल त्रिपाठी ने मेंहदावल में 27 करोड़ की लागत से 14.3 किमी सड़क का किया शिलान्यास।
संतकबीर नगर।
मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई गति देते हुए अनिल त्रिपाठी ने ब्लॉक मुख्यालय सोनवरसा मोड़ पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मेंहदावल ब्लॉक से बौधरा बाबा देवस्थानम होते हुए बेलौली संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी- कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक ने बताया कि इस संपर्क मार्ग की कुल लंबाई 14.3 किलोमीटर होगी और इसकी अनुमानित लागत जीएसटी सहित लगभग 27 करोड़ रुपये है। सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर निर्धारित की गई है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह मार्ग क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगा।

विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से कछार क्षेत्र और मेंहदावल नगर के बीच की दूरी कम होगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। बौधरा बाबा देवस्थानम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवागमन सरल होगा। साथ ही किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र के समग्र विकास हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह सड़क परियोजना शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव डालेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में मेंहदावल के मंडल अध्यक्ष गंगाराम निषाद, लालबहादुर चौहान, बृजनंदन पाठक, टुनटुन राय, जिला मंत्री- हैप्पी राय, महेश पांडेय, सुभसागर पाण्डेय सहित लोक निर्माण विभाग के कर्मचारीगण एवं सम्मानित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण के इस निर्णय का स्वागत करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
