मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सम्पन्न हुआ 763 गरीब कन्याओं का विवाह।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सम्पन्न हुआ 763 गरीब कन्याओं का विवाह।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने वर-वधू को दिया आशीर्वाद।
विधायक बलहा ने कन्याओं को वितरित की सामग्री व प्रमाण-पत्र।
नकद पुरस्कार प्रदान कर लोक कनलाकारों का किया उत्साहवर्द्धन।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 24 फरवरी।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकास खण्ड मिहींपुरवा अन्तर्गत नवीन गल्ला मण्डी परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 763 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। वैवाहिक कार्यक्रम में 149 मुस्लिम जोड़े का निकाह हुआ तथा 614 हिंदू जोड़ों का विवाह हिंदू रीति रिवाज के तहत संपन्न कराया गया। वैवाहिक कार्यक्रम में जनपद के समस्त विकासखण्डों व नगरीय निकायों के अंतर्गत जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
मुख्य अतिथि बलहा विधायक सरोज सोनकर, पूर्व सांसद अक्षयबर लाल गोड़, ब्लाक प्रमुख मिहींपुरवा अभिषेक वर्मा उर्फ सौरव, नवाबगंज के जय प्रकाश सिंह, विधायक बलहा के प्रतिनिधि आलोक जिंदल, भाजपा उपाध्यक्ष कृपाराम वर्मा तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। तत्पश्चात पाण्डाल में मुख्य वेदी पर यजमान के रूप में संयुक्त रूप से कन्या पूजन के साथ वैदिक रीति-रिवाज के साथ कन्यादान किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राज कुमार, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार, एसडीएम राम दयाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रद्युम्न सिंह, तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार, बीडीओ मिहींपुरवा विनोद यादव, समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय, मोतीपुर थानाध्यक्ष आनन्द चौरसिया, मिहीपुरवा चौकी प्रभारी अशोक सिंह, विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नामित अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, गणमान्य व संभ्रान्तजन तथा बड़ी संख्या में वर-वधू के रिश्तेदार व ईष्टमित्र मौजूद रहे। विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर ने अन्य अतिथियों के साथ कन्याओं को सामग्री एवं प्रमाण पत्र का वितरण किया तथा लोक कलाकारों को नकद धनराशि भेंट कर उत्साहवर्द्धन किया।

वैवाहिक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक सरोज सोनकर, पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड व अन्य वक्ताओं ने सभी मंचासीन अतिथियों, वर-बधु तथा साथ आये अभिभावकों, विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। वक्तागण ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत पर्याप्त धनराशि की व्यवस्था के साथ ही विवाह के लिए प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की व्यवस्था की गयी है तथा प्रदेश की एक लाख गरीब कन्याओं का विवाह कराने के लिए जनपदो के जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने इस अवसर पर महिलाओं को सम्मान देने पर बल दिया।
वक्तागण ने नव विवाहित जोड़ों को सुखमय दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए सामूहिक विवाह जैसी योजना की पहल के लिए प्रदेश सरकार विशेषकर मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह के दौरान लोक कलाकारों द्वारा शिव पार्वती, राधाकृष्ण व सीता माता व भगवान राम के विवाह प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये। वैवाहिक कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व संभ्रान्तजन तथा अधिकारियों द्वारा नव विवाहित दम्पत्तियों पर पुष्प वर्षा करते हुए आशीर्वाद प्रदान कर नव दम्पत्तियों को वैवाहिक सामग्री और मिष्ठान का भी वितरण किया गया।
