संतकबीर नगर- भीषण सड़क हादसे में बड़े भाई की मौत, छोटा भाई गम्भीर।
Oplus_16908288
बनकटिया चौराहे पर भीषण सड़क हादसा।
छोटे भाई को परीक्षा दिलाने जा रहे बड़े भाई की मौत, दो छात्र गंभीर
संतकबीर नगर।
जनपद के खलीलाबाद क्षेत्र अंतर्गत बनकटिया चौराहे पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बखिरा थाना के ग्राम चंदनी निवासी 23 वर्षीय जितेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई राजन यादव और दूसरी बाइक सवार गगन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जितेंद्र यादव अपने छोटे भाई राजन यादव को हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने पटखौली स्थित एक इंटर कॉलेज ले जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बनकटिया चौराहे पर पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
दूसरी बाइक चला रहे गगन यादव निवासी बड़ी सरौली भी परीक्षा देने जा रहे थे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जितेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गगन यादव की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। राजन यादव का भी इलाज जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद चौराहे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मृतक जितेंद्र यादव अपने परिवार के बड़े पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी पूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
