बहराइच – कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने किया ध्वजारोहण।
Oplus_16908288
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने किया ध्वजारोहण।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 27 जनवरी।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित गणतन्त्र दिवस समारोह में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर माण्टेसरी स्कूल के बच्चों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात डीएम ने समारोह में मौजूद लोगों को भारतीय गणतन्त्र का संकल्प दिलाया तथा ज्ञात-अज्ञात अमर सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए जनपदवासियों को गणतन्त्र दिवस की बधाई दी।
गणतन्त्र दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डीएम ने कहा कि गणतन्त्र दिवस के अवसर पर हमें संविधान के मूल सिद्धान्तों स्वतन्त्रता, समानता और राष्ट्र की एकता और अखण्डता को सुनिश्चित करने वाली बन्धुता पर अमल करने के साथ-साथ संविधान द्वारा प्रदत्त किये गये कर्तव्यों पर भी पूरी दृढ़ता के साथ अमल करना होगा। एडीएम अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, डीजीसी रेवन्यू अजय शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए लोगों को गणतन्त्र दिवस की बधाई दी तथा गणतन्त्र के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर अल्लन बहराईची, नजर बहराईची व लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी मृदुल द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत काव्य रचनाएं प्रस्तुत की गयीं। कार्यक्रम के अन्त में एडीएम व सीआरओ द्वारा स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी परिजनों चन्द्रकान्ती, आशाराम उपाध्याय, शिव शंकर अग्रवाल, मोहम्मद तारिक बेग, जमीला, कर्मवीर सिंह, राजू मिश्रा व रमेश कुमार मिश्र, कवियों एवं शायरों को अंगवस्त्र व मिष्टान तथा राष्ट्रगान प्रस्तुत करने वाले बच्चों को उपहार भेंट किया गया।
कार्यक्रम का संचालन न्याय सहायक कलेक्ट्रेट संदीप मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के पश्चात डीएम अक्षय त्रिपाठी ने एडीएम, सीआरओ व अन्य अधिकारियों के साथ स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी परिसर स्थित त्रिमूर्ति, शहीद पार्क एवं अम्बेडकर पार्क में स्थापित मूर्तियों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।
