बहराइच- राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में ओवरलोड यात्री वाहनों पर बड़ी कार्रवाई।
Oplus_16908288
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में ओवरलोड यात्री वाहनों पर बड़ी कार्रवाई।
एआरटीओ ओपी. सिंह वह पीटीओ अवधराज गुप्ता का सघन अभियान, 16 वाहनों का चालान, 6 वाहन सीज।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 16 जनवरी 2026 ।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग द्वारा लगातार सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यात्री कर अधिकारी अवध राज गुप्ता के नेतृत्व में ओवरलोड यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न प्रमुख मार्गों, बस स्टैंडों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बसों व अन्य यात्री वाहनों की जांच की गई। जांच के समय निर्धारित यात्री क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर वाहन चलाते पाए जाने पर 16 यात्री वाहनों का चालान किया गया। वहीं, गंभीर अनियमितताओं एवं बार-बार नियमों के उल्लंघन के मामलों में 6 यात्री वाहनों को मौके पर ही बंद (सीज) कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान वाहनों की फिटनेस स्थिति, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, स्पीड गवर्नर, इमरजेंसी दरवाजे तथा अन्य सुरक्षा मानकों की भी गहन जांच की गई। कई वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और यात्रियों की जान जोखिम में डालकर संचालन किए जाने की पुष्टि हुई।
यात्री कर अधिकारी अवध राज गुप्ता ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है, जिससे वाहन असंतुलित होकर हादसे का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने वाहन संचालकों एवं चालकों से अपील की कि वे निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही यात्रियों को बैठाएं, वाहन के सभी दस्तावेज अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें। वहीं, यात्रियों से भी अपील की गई कि वे ओवरलोड वाहनों में यात्रा करने से बचें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है, वहीं आम नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल को सड़क सुरक्षा की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
