1 नवंबर को मगहर में लगेगा विशाल मेगा शिविर, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाएं और निःशुल्क विधिक सहायता।
संतकबीरनगर |
जनपद के जरूरतमंद और पात्र लोगों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा आमजन को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 01 नवंबर 2026 को संत कबीर अकादमी, मगहर में एक भव्य ‘मेगा विधिक सहायता एवं जनसेवा शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 10:00 बजे से शुरू होगा।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई प्रशासनिक और न्यायिक सेवाएं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव व न्यायिक अधिकारी सुश्री अनन्या साह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत से जुड़ी जानकारियां और विभिन्न विभागों की योजनाओं का सीधा लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है।
इस मेगा शिविर में जिला प्रशासन के लगभग सभी प्रमुख विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- राजस्व, पंचायती राज, विकास-आवास एवं नगर विकास।
- पुलिस, कृषि, युवा कल्याण, विद्युत, नगर पालिका परिषद।
- समाज कल्याण, कौशल विकास, जल शक्ति, परिवहन, स्वास्थ्य।
- डूडा, आईटीआई, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, शिक्षा, पशुपालन।
- पिछड़ा वर्ग कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण तथा खाद्य एवं रसद विभाग
योजनाओं की मिलेगी पूरी जानकारी और मौके पर होगा सहयोग।
इन विभागों के स्टॉलों के माध्यम से आगंतुकों को विभागीय योजनाओं, उनकी पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही, पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
प्रशासन ने जनपद के सभी पात्र और जरूरतमंद नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशाल शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क विधिक परामर्श और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
