जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में गरजीं अनुप्रिया पटेल, 2027 के लिए संगठन को दिया चुनावी मंत्र।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
जनपद बहराइच स्थित वन सरिता रिजॉर्ट में आयोजित अपना दल (एस) के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार की केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में उतरने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “हर बूथ को मजबूत बनाइए, हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। कार्यकर्ताओं की हर मांग पूरी की जाएगी और 2027 का चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ा जाएगा।” उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव तथा घर-घर पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करे। मजबूत संगठन ही बड़ी जीत की आधारशिला बनेगा।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और समर्पण के कारण अपना दल (एस) आज उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पहले से अधिक मजबूती के साथ बेहतर प्रदर्शन करेगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस से जनता का भरोसा लगातार कम हुआ है, जबकि एनडीए सरकार ने विकास, गरीब कल्याण और जनहित की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

सम्मेलन के दौरान इंजीनियर डॉ. अविनाश साहू ने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का मुकुट पहनाकर एवं तलवार भेंट कर भव्य स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर. पी. गौतम ने की।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर अविनाश साहू, अपना दल (एस) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शकील अहमद (मटेरा), विधानसभा अध्यक्ष राम मोहन पटेल, मौलाना लईक अहमद शाह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

