गोरखपुर में मर्डर कर चुके शातिर लुटेरे संतकबीरनगर में गिरफ्तार, पानी मांगने के बहाने उड़ाई थी सोने की चेन ।
SOG और मेंहदावल पुलिस का बड़ा एक्शन: ‘मिर्च पाउडर’ गैंग के 2 शातिर बदमाश दबोचे, भारी मात्रा में गांजा, नकदी और बाइक बरामद ।
संतकबीर नगर।
जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे महाअभियान के तहत संतकबीरनगर पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्व दवन सिंह के कड़े पर्यवेक्षण में प्रभारी SOG और थाना मेंहदावल पुलिस की संयुक्त टीम ने बेहद शातिर तरीके से झपटमारी और छिनैती करने वाले दो लुटेरों को मेंहदावल-नौलखा मार्ग स्थित मुहिया पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
इस बड़ी कामयाबी से गदगद होकर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
‘सीसीटीवी’ के डर से बदला था ठिकाना, गांव की महिलाओं को बनाते थे शिकार ।
पूछताछ में जो सच सामने आया है, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं। पकड़े गए बदमाशों ने कुबूल किया कि गोरखपुर शहर में चप्पे-चप्पे पर तीसरी आंख (CCTV कैमरे) का पहरा होने के कारण वे वहां चैन स्नैचिंग या लूटपाट नहीं कर पा रहे थे। पहचान छुपाने के लिए ये शातिर अपराधी सिर पर कैप लगाते थे और मुंह ढककर चलते थे। विरोध होने पर पब्लिक पर फेंकने के लिए ये हमेशा अपने पास ‘लाल मिर्च पाउडर’ रखते थे। शहर में कड़ाई होने के कारण इन्होंने ग्रामीण इलाकों को अपना साफ्ट टारगेट बनाया था।
हत्यारा निकला मुख्य आरोपी, नशे की लत ने बनाया हैवान ।
पकड़े गए अभियुक्तों में से एक मो0 अहमद उर्फ अली उर्फ नाटे का पुराना इतिहास बेहद खौफनाक है। उसने कबूल किया कि वर्ष 2020 में चोरी के पैसों के बंटवारे को लेकर उसने नशे की हालत में अपने ही एक दोस्त के सिर पर पत्थर से और गर्दन पर ब्लेड से वार कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी थी। दोनों आरोपी नशे के भयंकर आदी हैं और अपनी नशे की लत व तंगी को पूरा करने के लिए घूम-घूमकर वारदातों को अंजाम देते थे।
पानी मांगने के बहाने झपटी थी बुजुर्ग महिला की चेन –
बीती 23 मई 2026 की शाम को ग्राम अछिया में घर के सामने बैठी एक बुजुर्ग महिला (वादी इरशाद अहमद की मां) से इन बदमाशों ने पानी मांगने के बहाने नजदीक जाकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली थी और बाइक से फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 223/2026 धारा 304(2) BNS के तहत केस दर्ज कर जाल बिछाया था, जिसमें ये दोनों शातिर फंस गए। लुटेरों ने बताया कि उन्होंने वह चेन एक अज्ञात व्यक्ति को 25,000 रुपये में बेच दी थी।
गिरफ्तार खूंखार अभियुक्तों का विवरण:
1. मो0 कामिल उर्फ अली पुत्र नौशाद अली (निवासी: सीधारीपुर, थाना गोरखनाथ, गोरखपुर) – इस पर पहले से ही कोतवाली और तिवारीपुर थाने में गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
2. मो0 अहमद उर्फ अली उर्फ नाटे पुत्र स्व0 अब्दुल समद (निवासी: सुन्नीपुर, निकट गीता प्रेस, थाना कोतवाली, गोरखपुर) – यह शातिर हत्यारोपी है और इस पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
अपराधियों के पास से पुलिस ने जुर्म की दुनिया का बड़ा जखीरा बरामद किया है:
– 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा (जिसके संबंध में धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मु0अ0स0 226/2026 दर्ज किया गया है)
– 10,000 रुपये नकद (चेन बेचने से मिले रुपयों का हिस्सा)
– 01 मोटरसाइकिल (चोरी की वारदात में इस्तेमाल)
– 04 मोबाइल एवं 06 सिम कार्ड ।
– लाल मिर्च पाउडर (भागने के लिए हथियार के रूप में इस्तेमाल) ।
– 1 पर्स व चाभी का गुच्छा ।
इन जांबाज पुलिसकर्मियों ने किया शिकार:
SOG टीम: प्रभारी उ0नि0 रजनीश राय, हे0का0 अनुप राय, का0 दीपक सिंह, का0 अभिषेक सिंह, का0 सर्वेश मिश्रा, का0 शुभम सिंह, का0 विवेक मिश्रा।
मेंहदावल पुलिस टीम: निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उ0नि0 आशुतोष मणि त्रिपाठी, उ0नि0 मैनेजर यादव, हे0का0 रामरतन तिवारी, हे0का0 सुरेन सिंह, का0 अनुराग कुमार सिंह, रि0का0 विशाल निषाद।
एण्टी थेप्ट सेल व सर्विलांस:
का0 वीर बहादुर यादव, का0 अरुण हलवाई एवं का0 ज्ञानप्रकाश सिंह।
संदीप कुमार मीना – (पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर)
