बाल विवाह के खिलाफ एकजुट हुए छात्र-छात्राएं, जागरूकता की ली शपथ !
अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर उदया इंटरनेशनल स्कूल व केजीबीवी खलीलाबाद में कार्यक्रम आयोजित !
संतकबीरनगर ।
जनपद में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस’ के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र के निर्देशन में उदया इंटरनेशनल स्कूल (भुजैनी) और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (खलीलाबाद) में आयोजित इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के प्रति सचेत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि कम उम्र में विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में भी सबसे बड़ी बाधा है। इस दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि जरूरतमंद परिवार इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इसके अतिरिक्त, किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न से निपटने के लिए बच्चों को प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों— 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 1930 (साइबर क्राइम), 108 और 102 (एंबुलेंस सेवा)— के महत्व और उनके सही उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया।

कार्यक्रम के समापन पर जिला मिशन समन्वयक मोनिका शुक्ला ने सभी छात्र-छात्राओं को बाल विवाह का पुरजोर विरोध करने और अपने आसपास के समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (HEW) से मोनिका शुक्ला, जेंडर स्पेशलिस्ट अमन कुमार, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश रंजन सिंह, कोऑर्डिनेटर मनप्रीत सिंह, कस्तूरबा विद्यालय की वार्डेन प्रतिभा और गीता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
