बहराइच- सांसद के हाथों सम्मानित हुए यूपी बोर्ड के 22 मेधावी छात्र-छात्राएं।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 01 जून।
माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ.प्र. प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा-2026 में जनपद के टॉप-10 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किये जाने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सांसद बहराइच डॉ. आनन्द कुमार गोंड ने मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, भाजपा उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, अन्य अतिथियों व अधिकारियों के साथ कक्षा 10 के 12 तथा कक्षा 12 के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को रू. 21-21 हज़ार के डेमो चेक, प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर लोक भवन में आयोजित मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए सांसद डॉ. गोंड ने सभी मेधावी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आज के कम्पटीशन युग में अपने को कड़ी मेहनत के लिए तैयार करें। सभी छात्र-छात्राओं को सीख दी गयी कि हमेशा सकारात्मक सोच के साथ अपने लिए बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए पूरी शिद्दत के साथ जुट जायें।

कार्यक्रम के अन्त में जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद द्वारा सभी 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को पुस्तक भी भेंट की गई। इस अवसर पर राजकीय बालिका इण्टर कालेज की प्रधानाचार्या मधु यादव, राजकीय इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य नागेन्द्र कुमार सहित अन्य शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावक मौजूद रहे।

