संतकबीरनगर में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर भड़के, अस्पताल बाहर की दवा लिखी तो होगी सख्त कार्रवाई!
संतकबीरनगर।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने संतकबीरनगर के संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने सीधे मरीजों के वार्डों में जाकर उनका कुशलक्षेम पूछा और मिलने वाली चिकित्सीय सुविधाओं, निःशुल्क दवाओं व भोजन की जमीनी हकीकत जानी।
स्वास्थ्य मंत्री के इस कड़े रुख और औचक निरीक्षण से महकमे में हड़कंप मच गया।

बाहर की दवा लिखी तो खैर नहीं, डॉक्टरों को अल्टीमेटम-
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि सरकार की मंशा हर आम और गरीब नागरिक को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज देने की है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि:
अस्पताल परिसर से ही मिलेगी दवा: अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहनी चाहिए। यदि किसी भी मरीज को बाहर से दवा लिखने की शिकायत मिली, तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही पर नपेगी नौकरी: सभी डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारी समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें। रूटीन चेकिंग में अनुपस्थित पाए जाने वाले स्टाफ पर बख्शने का कोई चांस नहीं है।
खराब एंबुलेंस पर बिफरे डिप्टी सीएम, ऑन द स्पॉट DG हेल्थ को फोन-
समीक्षा बैठक में जब जिले में एंबुलेंस की कमी और खराब स्थिति का मामला सामने आया, तो उप मुख्यमंत्री ने इस पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने तुरंत सीएमओ को खराब एंबुलेंसों को निष्प्रयोज्य (कबाड़) घोषित करने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं, डिप्टी सीएम ने ऑन-द-स्पॉट डीजी हेल्थ (DG Health) को फोन मिलाकर संतकबीरनगर के लिए तत्काल नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने के सख्त आदेश दिए।

होटल ‘द बेलेंसिया’ का भव्य शुभारंभ –
जनपद दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने होटल द बेलेंसिया का फीता काटकर भव्य उद्घाटन भी किया।

निरीक्षण व बैठक में मौजूद रहे दिग्गज:-
इस दौरान विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चन्द्र चौहान, विधायक खजनी श्रीराम चौहान, एमएलसी संतोष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, जिलाधिकारी अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

