सीडीओ के पांच घंटे के मैराथन निरीक्षण से ब्लॉक में मचा हड़कंप, अभिलेखों की जांच में मिलीं अनियमितताएं !
ग्राम विकास अधिकारियों और सचिवों के साथ की समीक्षा बैठक, रोजगार सेवकों के लंबित वेतन पर जताई नाराजगी !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सुनील कुमार धनवंता ने बुधवार को रिसिया ब्लॉक कार्यालय का करीब पांच घंटे तक मैराथन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों के अभिलेखों की गहनता से जांच की। निरीक्षण में मिली अनियमितताओं को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के संकेत दिए।

सीडीओ ने ब्लॉक कार्यालय के सभी पटलों के अलावा कृषि बीज भंडार, बीबी रामजी योजना, बाल विकास परियोजना कार्यालय और एडीओ पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अभिलेखों का अवलोकन कर संचालित योजनाओं की प्रगति और कार्यों की गुणवत्ता परखी। इसके बाद ग्राम विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की कार्ययोजना तैयार करने और उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की गई।

वहीं, रोजगार सेवकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया लंबित होने और इसके विरोध में जिले स्तर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भुगतान में देरी के कारणों और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी सचिन कुमार भारतीय सहित ब्लॉक के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

