आगामी त्योहारों और मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम व एसपी ने बखिरा में किया भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त
संतकबीरनगर |
आगामी दीपावली, छठ, भैया दूज और लक्ष्मी पूजा मूर्ति विसर्जन के त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने भारी पुलिस बल के साथ थाना बखिरा क्षेत्र के कस्बा बखिरा में सघन पैदल गश्त की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रमुख बाजारों और चौराहों पर हुआ मार्च –
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने कस्बे के मुख्य मार्गों, चौराहों, बाजारों और धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की गई तथा यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाए रखने के लिए निर्देश दिए गए।
व्यापारियों और आमजन से संवाद –
प्रशासन ने दुकानदारों व व्यापारियों से संवाद स्थापित कर अपील की:
अपनी दुकानों के सीसीटीवी कैमरे चालू रखें।
दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करें और सड़कों पर अनावश्यक वाहन न खड़े करें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील –
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कार्रवाई-
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अशांति फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। छठ घाटों पर सुरक्षा-व्यवस्था और लक्ष्मी पूजा व मूर्ति विसर्जन के दौरान पारंपरिक नियमों व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस सुरक्षा मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी मेहदावल, क्षेत्राधिकारी मेहदावल श्री सर्वदवन सिंह, सर्किल के समस्त थानाध्यक्ष/प्रभारी निरीक्षक (थानाध्यक्ष दुधारा व पीआरओ श्री पीके गुप्ता सहित) भारी संख्या में पुलिस व प्रशासनिक बल मौजूद रहा। जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और लगातार गश्त जारी है।
