जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर डीएम दीपक मीणा ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; चार जनवरी 2027 तक चलेगा जनसंख्या गणना का कार्य।
गोरखपुर। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश से आए अधिकारियों ने जिला स्तरीय अधिकारियों को जनसंख्या गणना की पूरी प्रक्रिया और डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक लोग स्वयं पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण भर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद परिवार को 11 अंकों की एसईआईडी संख्या प्राप्त होगी।
इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान परिवारों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा कराया जाए। प्रशिक्षण में नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी और तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
