संत कबीर अकादमी मगहर में 01 नवम्बर को लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं जनसेवा शिविर।
न्यायिक अधिकारी अनन्या साह की पहल; एक ही छत के नीचे मिलेंगी निःशुल्क विधिक सलाह और विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाएं ।
मगहर (संत कबीर नगर):
पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने और आमजन को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कल 01 नवंबर 2026 को संत कबीर अकादमी, मगहर में एक भव्य मेगा विधिक सहायता एवं जनसेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 10:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे ताकि जरूरतमंदों को एक ही स्थान पर सभी प्रशासनिक और न्यायिक सेवाएं मिल सकें।
विभिन्न विभागों के लगेंगे स्टॉल, ऑन-द-स्पॉट मिलेगा लाभ – जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/न्यायिक अधिकारी सुश्री अनन्या साह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं को पहुँचाना है। शिविर में राजस्व, पंचायती राज, विकास एवं आवास, नगर विकास, डूडा, पुलिस, कृषि, विद्युत, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, खाद्य एवं रसद सहित कुल 20 से अधिक विभागों के स्टॉल लगेंगे।
इन विभागों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
निःशुल्क विधिक परामर्श और लोक अदालत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रशासनिक व न्यायिक सेवाओं का लाभ उठाने की अपील –आयोजकों ने क्षेत्र के सभी पात्र और जरूरतमंद नागरिकों से अपील की है कि वे इस मेगा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
