नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की पहचान है, बारिश के बीच एनएसएस की छात्र छात्राओं ने निकली साइकिल यात्रा !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव !
रिसिया, बहराइच।
गायत्री विद्यापीठ पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। खराब मौसम और बारिश के बावजूद छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर लोगों को नशामुक्ति का संदेश दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.डी. तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्रा को रवाना किया। यात्रा महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर शिशई चौराहे तक पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की।

प्रोफेसर दया राम यादव ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवा यदि नशे से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपने जीवन का आधार बनाएं तो विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।
प्राचार्य डॉ. डी.डी. तिवारी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में बाधक है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही समाज में भी जागरूकता फैलानी चाहिए।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मुकेश चंद्र श्रीवास्तव और डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, सेवा भावना और राष्ट्रीय दायित्वबोध विकसित करना है। साइकिल यात्रा इसी दिशा में एक सार्थक पहल है।
इस अवसर पर प्रोफेसर डी.आर. यादव, डॉ. सुभाषचंद्र, डॉ. मिथलेश कुमार चौधरी, डॉ. पवन कुमार वर्मा, डेविड पांडेय, उमेश वर्मा, हीरालाल मिश्रा, डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, नंदन श्रीवास्तव, रिकेश्वर विश्वकर्मा, रवींद्र श्रीवास्तव और सत्यम सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
