PET-2026 परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न, डीएम और एसपी ने किया केंद्रों का औचक निरीक्षण ।
संत कबीर नगर-
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को जनपद में पूरी तरह सकुशल, नकलविहीन, पारदर्शी और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से जनपद के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

प्रमुख परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा –
अधिकारीद्वय ने निरीक्षण के दौरान निम्नलिखित परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया:
मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, खलीलाबाद।
एच.आर. पी.जी. कॉलेज, खलीलाबाद ।
पी.एम. श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, खलीलाबाद ।
निरीक्षण के वक्त उन्होंने कक्षाओं में सुरक्षा व्यवस्था, सी.सी.टी.वी. कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, शौचालय और अनवरत विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात सभी केंद्र व्यवस्थापकों और सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था और सख्त निर्देश –
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रथम पाली के आंकड़े:
कुल परीक्षा केंद्र: 08 (संपूर्ण जनपद में) ।
प्रथम पाली में कुल पंजीकृत परीक्षार्थी: 2,952
उपस्थित परीक्षार्थी: 2,423
उपस्थिति का प्रतिशत: 82.08%
प्रशासन की सख्त निगरानी के चलते जनपद के सभी 08 केंद्रों पर प्रथम पाली की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई।
