डीजे पर आपत्तिजनक गाने बजाने पर रोक, बिजली और जलभराव की समस्या का भी उठा मुद्दा !
दुर्गा पूजा व विजयादशमी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील, शांति समिति की बैठक आयोजित !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
आगामी दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी महोत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को रिसिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर ने की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय भी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा धार्मिक भजनों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक गाने नहीं बजाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी समितियां प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।

बैठक के दौरान दुर्गा पूजा महा समिति के अध्यक्ष डॉ. राजू निगम सहित अन्य पदाधिकारियों ने क्षेत्र में बिजली की समस्या तथा विभिन्न मार्गों पर जलभराव की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर सहायक पुलिस अधीक्षक ने संबंधित उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में डॉ. राजू निगम, प्रशासक रामाशंकर सिंह, रामनिवास, पप्पू वर्मा, सरोज कुमार सिंह, शिवशंकर मौर्य, अनिल निषाद, शिव कुमार और मयाराम सहित दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

