नवरात्रि को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए डीएम और एसपी की अध्यक्षता में हुई पीस कमेटी की बैठक !
संतकबीरनगर –
आगामी पावन त्योहार नवरात्रि को जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी तीनों सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, जनपद के समस्त थाना प्रभारी, विभिन्न थाना क्षेत्रों के संभ्रांत नागरिक और प्रमुख धर्मगुरु उपस्थित रहे।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश एवं बिंदु –
मानकों का पालन-
स्थापित की जाने वाली मूर्तियों और डीजे की ऊँचाई को निर्धारित मानकों के अनुसार कम ही रखने का विशेष निर्देश दिया गया।
मार्गों और घाटों का निरीक्षण –
प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे जुलूस/शोभायात्रा शुरू होने से पहले मार्गों और विसर्जन घाटों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर लें।
विद्युत व्यवस्था –
सुरक्षा के मद्देनजर जुलूस मार्गों पर लटक रहे जर्जर बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
सड़क मरम्मत –
लोक निर्माण विभाग (PWD) को जुलूस और विसर्जन मार्गों के गड्ढों को भरकर सड़कों की मरम्मत का कार्य तत्काल प्रभाव से पूरा करने को कहा गया।

यातायात प्रबंधन –
शहर और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात उपनिरीक्षक (TSI) को विशेष निर्देश दिए गए।
सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाएं –
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने हेतु ‘डायल 112’ वाहनों की मुस्तैद तैनाती, चिकित्सा विभाग को अलर्ट मोड पर रखते हुए 108 एम्बुलेंस सेवा को तत्पर रखने और अग्निशमन विभाग को उपकरणों के साथ पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
अपील-
अधिकारियों ने सभी संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं से अपील की कि वे त्योहार को आपसी सौहार्द के साथ मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देकर तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दें।
