गोकशी की घटना का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल ।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, दो अन्य साथी गिरफ्तार; मौके से तमंचा, कारतूस, चाकू और मांस काटने के उपकरण बरामद ।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
मोतीपुर, बहराइच।
थाना मोतीपुर क्षेत्र के ग्राम शाहपुर खुर्द में 24 सितंबर को मिले गोवंश के अवशेष के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। सोमवार देर रात जोगनिया बैराज मार्ग स्थित बाढ़ राहत केंद्र बंधा मोड़ कंजड़वा के पास पुलिस की संदिग्धों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को ग्राम शाहपुर खुर्द में गोवंश के कुछ अवशेष मिलने पर थाना मोतीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 418/2026, धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। विवेचना के दौरान कुछ संदिग्धों के नाम प्रकाश में आए थे।
पुलिस के अनुसार, देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी दोबारा इसी तरह की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं और लौकही की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर पुलिस टीम के साथ जोगनिया बैराज मार्ग पर बाढ़ राहत केंद्र बंधा मोड़ कंजड़वा के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गायघाट की ओर से मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए।
पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी सोनू पुत्र मुल्ला निवासी बालापुर, थाना रुपईडीहा के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं पुलिस ने पीछा कर उसके दो साथियों शहजाद उर्फ कलूटे पुत्र रमजान निवासी उचवा बालापुर, थाना रुपईडीहा तथा सोनू पुत्र भुसैली निवासी खैरी दा. शाहपुर खुर्द, थाना मोतीपुर को गिरफ्तार कर लिया
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 1,940 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, तराजू मय बाट, एक किलो व 500 ग्राम के बाट, मांस काटने वाला लकड़ी का ठीहा तथा तीन चाकू बरामद करने की जानकारी दी है।
घायल आरोपी सोनू को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध पूर्व में भी गोकशी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है!
