47 प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों ने जिलाधिकारी से की शिष्टाचार भेंट ।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 26 सितम्बर।
डॉ. राम मनोहर लोहिया उ.प्र. प्रशासन एवं प्रबन्धन अकादमी लखनऊ द्वारा सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा के 188 परिवीक्षाधीन अधिकारियों का 91वां आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत उ.प्र. राज्य के सांस्कृतिक, सामाजिक, ऐतिहासिक अवस्थापना सम्बन्धी शैक्षणिक एवं औद्योगिक परिदृश्य से परिचित कराने के आशय से उ.प्र. अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के तहत 47 प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों के दल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय से शिष्टाचार भेंट की गई। प्रशिक्षु अधिकारियों में खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ), सहायक कर अधिकारी (एटीओ), जीएसटी तथा सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) सहित विभिन्न पदों पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारी शामिल रहे।
शिष्टाचार भेंट के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत किया तथा परिचय प्राप्त करते हुए आकांक्षात्मक जनपद बहराइच की भौगोलिक परिस्थिति, दर्शनीय एवं पर्यटन स्थलों तथा नीति आयोग द्वारा निर्धारित सूचकांकों में अर्जित की गई उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए कहाकि जनपद में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। डीएम ने प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में अधिकारी का दायित्व केवल कार्यालय तक सीमित नहीं होता, बल्कि क्षेत्र में जाकर आमजन की समस्याओं को समझना और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है। डीएम ने प्रशिक्षु अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसुनवाई की व्यवस्था के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अवधि में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को करीब से समझने तथा क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से जमीनी हकीकत जानने का प्रयास किया जाना चाहिए।
इस दौरान प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों ने जिलाधिकारी से प्रशासनिक अनुभव, कार्यशैली एवं विभिन्न विभागों के समन्वय से संबंधित जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों को भविष्य में अपने दायित्वों के निर्वहन में उपयोगी बनाने की बात कही। जिलाधिकारी ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, वरिष्ठ कोषाधिकारी नरोत्तम शरण, पीडीडीआरडीए मनीष कुमार, उपायुक्त उद्योग केशवराम वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
