प्रशासन के बुलडोजर की कार्रवाई से पहले मकान तोड़ने के दौरान हादसा, मजदूर की मौत ।
सहजनवां – गोरखपुर।
नेशनल हाईवे के किनारे इंद्रजीत सिंह के मकान के पास मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई की सूचना के बाद लोग आनन-फानन में अपने मकान और दुकानों को तोड़ने में जुट गए। इसी दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि इंद्रजीत सिंह के मकान के बगल में अंग्रेजी शराब की दुकान भी स्थित है। प्रशासन की कार्रवाई से पहले दुकानदारों और मकान मालिकों में हड़बड़ी मच गई और लोग अपने-अपने निर्माण को तेजी से हटाने लगे।
इसी दौरान मकान तोड़ने के काम में लगे मजदूर सुनील कुमार के ऊपर अचानक एक पिलर गिर गया। पिलर की चपेट में आने से सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सहजनवा में हुए इस हादसे ने प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों और जल्दबाजी में किए जा रहे निर्माण हटाने के काम पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
