संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर बॉर्डर पर दो बाइकों की भीषण टक्कर, 7 वर्षीय बच्ची की मौत, 5 लोग गंभीर रूप से घायल।
संत कबीर नगर-
संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर जिले के बॉर्डर पर स्थित बखिरा थाना क्षेत्र के नवडिहवा (ग्राम नेतारी कला) के पास रविवार शाम करीब 5:00 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में प्लेटिना बाइक पर सवार 7 वर्षीय एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों पर सवार पाँच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आपको बताते चलें कि प्लेटिना बाइक नंबर UP 55 AN 4919 खेसरहा से नंदौर की तरफ आ रही थी, जिस पर एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। वहीं दूसरी ओर पल्सर बाइक नंबर UP 55 Z 9444 नंदौर से खेसरहा की तरफ जा रही थी। ग्राम नेतारी कला के पास दोनों वाहन आपस में टकरा गए।
हादसे में मृतका की पहचान महजबीन (उम्र करीब 7 वर्ष), पुत्री, निवासी पिपरा अहंकार, थाना दुधारा, जिला संतकबीर नगर के रूप में हुई है। मृतका अपने ननिहाल देवरी (थाना खेसरहा) से अपने घर वापस लौट रही थी।
दुर्घटना में प्लेटिना और पल्सर पर सवार निम्नलिखित लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं:
1. नजरुल हसन (पुत्र मेहंदी हसन, मामा) – पैर फ्रैक्चर।
2. अमीरुल्लाह (नाना) – गंभीर घायल।
3. साकरिन (उम्र 17 वर्ष, मृतका की बहन) – पैर फ्रैक्चर।
4. जास्मीन (उम्र 14 वर्ष, मृतका की बहन) – पैर फ्रैक्चर।
5. समसुल (गाड़ी चालक) – गंभीर घायल ।
मृतका के पिता मुंबई में गाड़ी चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते हैं। इस अप्रत्याशित हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सिद्धार्थनगर जनपद के खेसरहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया। वहाँ से हालात गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए गंभीर रूप से घायल बहनों को बस्ती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शांतिव्यवस्था कायम की और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
