शिव-पार्वती विवाह जीवात्मा और परमात्मा के दिव्य मिलन का प्रतीक : पं. रविशंकर गुरु भाई।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
रिसिया रामलीला मैदान में श्री सीताराम आश्रम परिवार द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं पार्थिव पूजन महोत्सव के तीसरे दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी वर्णन किया गया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
कथावाचक पं. रविशंकर गुरु भाई ने कहा कि भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह केवल एक पौराणिक घटना नहीं, बल्कि जीवात्मा और परमात्मा के दिव्य मिलन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार माता पार्वती ने कठोर तप, अटूट श्रद्धा और पूर्ण समर्पण के माध्यम से भगवान शिव को प्राप्त किया, उसी प्रकार मनुष्य भी अहंकार, मोह और विकारों का त्याग कर ईश्वर की शरण में जाकर परम सत्य की प्राप्ति कर सकता है।
कथा के दौरान ब्रह्मा की उत्पत्ति, सती चरित्र, दक्ष यज्ञ तथा उसके विध्वंस का प्रसंग अत्यंत सरल, प्रभावशाली एवं भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया गया। पं. रविशंकर गुरु भाई ने कहा कि सती चरित्र हमें यह शिक्षा देता है कि अहंकार और ईश्वर के प्रति अनादर अंततः विनाश का कारण बनते हैं। दक्ष यज्ञ का विध्वंस इसी सत्य का प्रतीक है। वहीं शिव-पार्वती का दिव्य मिलन प्रेम, समर्पण, तपस्या, संतुलन, प्रकृति और सृष्टि में सुख-समृद्धि तथा हरियाली का संदेश देता है।
कथा स्थल पर शिव विवाह उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। भगवान शिव एवं माता पार्वती के विवाह प्रसंग पर श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ पुष्पवर्षा कर वातावरण को शिवमय बना दिया।

इससे पूर्व प्रातःकाल मुख्य यजमान दिनेश दोचनिया एवं अन्य श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पार्थिव पूजन किया। पूजन के उपरांत भक्ति एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भस्म आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कथा के समापन पर भक्तों ने शिव परिवार की आराधना कर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
इस अवसर पर राजेश निगम, प्रेम गोयल, डॉ. राजू निगम, अनिल मित्तल, रंजना मित्तल, बबली अग्रवाल, पूजा गोयल, ज्योति गर्ग, डाली गोयल, इंद्र बहादुर सिंह, राजेश गोयल, कपिल झुनझुनवाला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

