भारी विरोध के बीच नगर पंचायत ने हटवाया खलिहान की जमीन से कब्जा ।
हैंसर बाजार, सन्त कबीरनगर ।
नगर पंचायत हैंसर धनघटा क्षेत्र में सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का सिलसिला जारी है। मलौली के बाद हैंसरिया में नगर पंचायत व पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार की शाम खलिहान की जमीन पर हुए अतिक्रमण को जेसीबी से हटा दिया गया। अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से अतिक्रमणकारी पीछे हट गए।

क्षेत्र के हैंसरिया में स्थित सात बिस्सा खलिहान की जमीन पर बेचन प्रसाद व राम सरन ने कब्जा कर उस पर पक्के मकान का निर्माण कर लिया था। खलिहान की जमीन को कब्जा मुक्त करने के लिए वर्ष 2017 में तहसीलदार कोर्ट में सरकार बनाम राम सरन के बीच मुकदमा चल रहा था। तहसीलदार कोर्ट ने 29 मई को खलिहान की जमीन से अवैध कब्जा हटाने का फैसला दिया। जिसके क्रम में सोमवार को ईओ धीरज सिंह के नेतृत्त्व में नगर पंचायत कर्मी व बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जेसीबी से जब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई तो वहां लोग विरोध पर उतर आए। लेकिन सख्ती के बावजूद अतिक्रमणकारियों को पीछे हटने को मजबूर होना पड़ा। ईओ के निर्देश पर जेसीबी द्वारा मोके पर बने दो मकानों को ढहा दिया गया। जमीन को कब्जे में लेने के बाद टीम ने खलिहान की जमीन के चारो तरफ तार लगाकर अपने कब्जे में ले लिया। ईओ धीरज सिंह ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने की मुहिम चलाई जा रही है। इसका विरोध करने वालों को बख्शा नही जा रहा है। कहा कि यदि नोटिस के बावजूद लोग अवैध कब्जा को नही हटाया तो कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने में नगर पंचायत पूरी निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करने में जुटा है।

