घर लौट रहे परिवार पर दबंगों का जानलेवा हमला ।
पिता के सिर पर रॉड से वार, सोने की माला लूटी ।
पीड़ित ने थाने में दी तहरीर, कार्रवाई की मांग।
हरपुर बुदहट – गोरखपुर ।
थाना हरपुर बुदहट क्षेत्र के ग्राम रामपुर गड़थौली निवासी रोहित मौर्य ने शुक्रवार रात हुए जानलेवा हमले को लेकर पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि गांव के ही दबंगों ने रास्ते में घेरकर पूरे परिवार पर लाठी, डंडे और रॉड से हमला कर दिया।
रोहित मौर्य पुत्र राम अचल मौर्य के अनुसार 9 मई 2026 को रात करीब 10:30 बजे वह अपने पिता राम अचल, बुआ मीरा मौर्य, भाभी सीमा, बहन नेहा मौर्य और पत्नी कृष्णा मौर्य के साथ सहजनवां थाना क्षेत्र के भरपही गांव से अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में गांव के शिवलाल मौर्य और उसके साथ 10 से 12 अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया।
तहरीर में बताया गया है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर सभी ने लाठी, डंडा और रॉड से हमला कर दिया। हमले में रोहित के पिता राम अचल के सिर में गंभीर चोट आई और वह गिर पड़े। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उनके गले से सोने की माला भी छीन ली। परिवार के अन्य सदस्यों को भी काफी चोटें आई हैं। घायल अवस्था में पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी है। रोहित मौर्य ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उचित न्याय की मांग की है। सहजनवा थाना प्रभारी संजय मिश्रा से पूछने पर बताएं कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
