जहरीला पदार्थ खाने से 32 वर्षीय महिला की मौत ।
धनघटा – सन्तकबीर नगर ।
धनघटा थाना क्षेत्र के भैसही गांव में शुक्रवार की देर रात 32 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पुलिस ने पूछ ताछ के लिए मृतका के पति को थाने में बुलाया है। पुलिस मामले की सच्चाई का पता करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, हकीमपुर गांव निवासी मोतीलाल की पुत्री अनीता की शादी वर्ष 2012 में भैसही गांव निवासी रामभजन से हुई थी। दंपत्ति की 13 वर्षीय दिव्यांग बेटी आंचल है। शुक्रवार की देर शाम अनीता ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी हैंसर लाया गया जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। इस घटना में मृतका के पति को थाने ले जाकर पुलिस पूछ ताछ में जुटी है। खबर लिखे जाने तक घटना के कारणों का पता नही चल सका है।
प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप सिंह ने बताया की शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। कहा कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
