संतकबीर नगर- दो बाइको में भिड़ंत, एक की मौत तीन गंभीर।
दो बाइको में भिड़ंत में एक की मौत तीन गंभीर।
धनघटा क्षेत्र स्थित राम जानकी मार्ग पर टाड़ा चौराहे के निकट हुई घटना ।
धनघटा- सन्तकबीर नगर ।
धनघटा थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास बृहस्पतिवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धनघटा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी जनार्दन यादव पुत्र रामवृक्ष यादव अपनी बाइक संख्या यूपी 58 आर 3626 से लोहरैया की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह रामजानकी मार्ग पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा टांडा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही बाइक संख्या यूपी 58 एक के 8404 पर सवार तीन लोग अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी देने के साथ ही एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार भेजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जनार्दन यादव को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक जनार्दन यादव सिद्धार्थनगर जनपद में विद्युत विभाग में दीवान के पद पर तैनात थे और किसी काम से सामान लेकर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता रामवृक्ष यादव, पत्नी शोभा देवी, बेटा सौरभ और बेटी स्वेता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना पर पहुंची धनघटा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

