धनतेरस पर खरीददारी व पूजा का शुभ मुहूर्त

Oplus_16908288
*धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएं*
===========
दीपावली पर्व की शुरुआत धनतेरस से होती है। इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और नई वस्तुएं खरीदना बहुत शुभ होता है, क्योंकि माना जाता है कि ऐसा करने से साल भर घर में बरकत बनी रहती है। यह पर्व आयुर्वेद के देवता भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर को समर्पित है।
*सोने-चांदी की खरीददारी का शुभ मुहूर्त*
=======================
धनतेरस के दिन सोना-चांदी खरीदना के लिए सबसे अच्छा समय अमृत काल माना जा रहा है, जो सुबह ०८ बजकर ५० मिनट से १० बजकर ३३ मिनट तक रहेगा। इस दौरान सोना-चांदी खरीदने से धन में अपार वृद्धि होती है।
*पूजन मुहूर्त*
=========
धनतेरस के दिन पूजन के लिए शुभ मुहूर्त प्रदोष काल यानी ०७ बजकर १६ मिनट से लेकर ०८ बजकर २० मिनट तक है। इस दौरान आप भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर सकते हैं।
*शुभ मुहूर्त*
=========
अभिजित मुहूर्त दोपहर १२ बजकर ०१ मिनट से लेकर दोपहर १२ बजकर ४८ मिनट तक रहेगा। लाभ-उन्नति चौघड़िया मुहूर्त दोपहर ०१ बजकर ५१ मिनट से लेकर दोपहर ०३ बजकर १८ मिनट तक रहेगा। वहीं, प्रदोष काल शाम ०६ बजकर ११ मिनट से लेकर रात ०८ बजकर ४१ मिनट तक रहेगा। इस दौरान आप खरीदारी से लेकर पूजा-पाठ तक कोई भी शुभ काम कर सकते हैं।
*धनतेरस की पूजा विधि*
=================
घर और पूजा स्थल को अच्छी तरह साफ करें। रंगोली बनाएं और दीपक जलाएं। पूजा स्थान पर भगवान धन्वंतरि, देवी लक्ष्मी, भगवान कुबेर और गणेश जी की प्रतिमा स्थापित करें। हाथ में जल लेकर पूजा का संकल्प लें। सबसे पहले गणेश जी का पूजन करें। फिर देवी लक्ष्मी, कुबेर जी और धन्वंतरि जी को फल, फूल, मिठाई, हल्दी, कुमकुम और अक्षत अर्पित करें। इस दिन खरीदी गई नई वस्तु को भी पूजा में रखें और उनकी पूजा करें।
अंत में आरती करके शंखनाद करें। शाम के समय घर के मुख्य द्वार पर, दक्षिण दिशा की ओर मुख करके, सरसों के तेल का चार मुख वाला यम दीपक जलाएं। अपने घर के कोने-कोने को रोशन करें।
*धनतेरस का महत्व*
==============
पौराणिक कथा के अनुसार, इसी दिन समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि प्रकट हुए थे। इसलिए इस दिन उनकी पूजा से अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है। कहा जाता है कि इस दिन देवी लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा करने से धन-संपत्ति में तेरह गुना वृद्धि होती है। इसलिए इस दिन सोना-चांदी, पीतल या तांबे के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में सौभाग्य और सकारात्मक ऊर्जा आती है।