मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 201 जोड़ों का विवाह संपन्न, विधायक धनघटा व सीडीओ ने दिया आशीर्वाद !
संत कबीर नगर।
जिलाधिकारी आलोक कुमार के कुशल दिशा-निर्देशन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के अंतर्गत जनपद मुख्यालय स्थित ओम रिजॉर्ट एंड मैरिज लॉन (सियरा सांथा, धनघटा रोड) के परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों के कुल 201 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सकुशल संपन्न कराया गया, जिसमें 1 जोड़ा अल्पसंख्यक वर्ग का भी शामिल रहा।


विधायक और सीडीओ ने नव-दंपत्तियों को दिया आशीर्वाद –
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनघटा क्षेत्र के विधायक गणेश चन्द्र चौहान ने नव-दंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों का जीवन स्तर सुधारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह कराना है जो स्वयं इसका खर्च उठाने में असमर्थ हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विकासपरक नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।

अधिकारियों ने जताया आभार –
मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जयकेश त्रिपाठी ने कार्यक्रम में पधारे सभी आगंतुकों, वर-वधू पक्ष और उनके संबंधियों का स्वागत किया तथा सभी नवयुगलों को सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

