‘जिला केसरी’ पहलवान की सनसनीखेज हत्या: बुलेट से गिराकर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला, प्रधानी चुनाव की रंजिश आ रही सामने!
संतकबीर नगर।
कोतवाली थाना क्षेत्र के भकठान गांव निवासी और संतकबीरनगर जिला केसरी सम्मान से सम्मानित पहलवान ब्रह्मानंद यादव की मंगलवार दोपहर कथित रूप से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए घटना के पीछे प्रधानी चुनाव से जुड़ी रंजिश को वजह बताया है।
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मानंद यादव पुत्र दयाराम यादव निवासी भकठान गोसाईपुर मंगलवार को दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी बुलेट से भैंसों के लिए चारा लेने जा रहे थे। आरोप है कि गांव के रास्ते में ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने कथित तौर पर उनके ऊपर मिर्ची डालकर उन्हें बुलेट से नीचे गिरा दिया। इसके बाद धारदार हथियार, फरसा और भाले से उन पर हमला किया गया। परिजनों के मुताबिक, घटना के दौरान गोली चलाए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, गोली लगने की पुष्टि पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद यादव को निजी वाहन से खलीलाबाद जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस में रखवाते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
आक्रोशित परिजनों ने खलीलाबाद बाईपास पर शव रख लगाया जाम –
पहलवान ब्रह्मानंद यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. बेकाबू परिजनों ने शव को खलीलाबाद बाईपास पर रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे. घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे ब्रह्मानंद –
ब्रह्मानंद यादव चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके भाइयों में रमाकांत यादव, जो वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं, श्रीकांत यादव और रामानंद यादव शामिल हैं। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी के साथ दो बच्चे भी हैं।
जिला केसरी के सम्मान से नवाजे गए थे –
ब्रह्मानंद यादव पहलवानी के क्षेत्र में अपनी पहचान रखते थे। उन्हें संतकबीरनगर जिला केसरी के सम्मान से भी नवाजा गया था। उनकी हत्या की खबर से खेल और पहलवानी से जुड़े लोगों में भी शोक की लहर है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश –
परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को नाम बताए हैं। परिजनों का कहना है कि घटना के पीछे प्रधानी चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश हो सकती है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने में जुटी है।
समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(संदीप कुमार मीना – अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीर नगर)
