बहराइच- ऑटो और कार की आमने-सामने की टक्कर में एक मजदूर की मौत, सात घायल।
# श्रावस्ती में धान की रोपाई कर घर लौट रहे थे सभी मजदूर, तीन गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया – बहराइच !
बहराइच-नानपारा हाईवे पर रविवार सुबह अमरैया गांव के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रिसिया लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। शेष घायलों का उपचार सीएचसी रिसिया में जारी है।
जानकारी के अनुसार सभी मजदूर जनपद लखीमपुर खीरी के पलिया कला क्षेत्र के निवासी हैं। वे जनपद श्रावस्ती के गिलौला क्षेत्र में धान की रोपाई का कार्य पूरा कर ऑटो से नानपारा बस स्टेशन जा रहे थे, जहां से उन्हें बस के माध्यम से अपने घर पलिया कला लौटना था। सुबह लगभग 9:30 बजे अमरैया गांव के पास हाईवे पर तेज रफ्तार कार और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में सेवक राम पुत्र सियाराम (42 वर्ष), निवासी पलिया कला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल होने वालों में अमर पाल पुत्र राम सेवक, पूरन पुत्र पुत्तू, अक्षय पुत्र जगदीश, दयाल पुत्र पूरन, राम मूर्ति पुत्र बलिराम, विपिन पुत्र राम निवास तथा अनिल पुत्र बांके लाल शामिल हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल सीएचसी रिसिया पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सामान्य करा दिया।
सीएचसी रिसिया के अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल सभी मजदूरों को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई। इनमें से तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी रिसिया में चल रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक की सूचना संबंधित थाने को दे दी गई है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
