आगामी श्रावण मास के दृष्टिगत DM एवं SP ने बैजू धाम का किया निरीक्षण।
# श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
संत कबीर नगर-
आगामी श्रावण मास के दृष्टिगत आज दिनांक 18.07.2026 को जिलाधिकारी संतकबीर नगर आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतकबीर नगर संदीप कुमार मीना द्वारा थाना धनघटा क्षेत्रान्तर्गत स्थित बैजू धाम का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, घाट क्षेत्र, आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर के पुजारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की गई।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी एवं प्रभावी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुगमता के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक थाना धनघटा दिलीप सिंह, पीआरओ पुलिस अधीक्षक एस0के0 गुप्ता सहित जनप्रतिनिधियों एवं आमजन उपस्थित रहे।
