दुधारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से 35 किलो अवैध गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार !
संतकबीरनगर।
जनपद की थाना दुधारा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक हुंडई औरा कार से 35 किलोग्राम अवैध गांजा, 2,120 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त कार बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर की रात पुलिस टीम क्षेत्र भ्रमण व संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति कार में गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी टीम ने साइन गोल्ड बैकरी, छपिया छितौना के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी बीच एक हुंडई औरा कार (संख्या MH01 FE 8743) आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी से कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी को तेजी से पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया और तलाशी ली।
कार की तलाशी में 35 किलो अवैध गांजा व 2,120 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सैदा हुसैन उर्फ अच्छू पुत्र इफराक अहमद और मोहम्मद आदिल पुत्र निहाल अहमद, दोनों निवासी छपिया छितौना, थाना दुधारा, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बेरोजगार हैं और अधिक पैसे कमाने के लालच में गांजा तस्करी व बिक्री का काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सैदा हुसैन उर्फ अच्छू के खिलाफ संतकबीरनगर के दुधारा थाने और बस्ती जनपद के मुंडेरवा थाने में मारपीट, बलवा तथा एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं।
थाना दुधारा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 453/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी उ0नि0 उमाशंकर त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी उ0नि0 हरेन्द्र चौहान व उनकी टीम शामिल रही।
(सुशील कुमार सिंह – अपर पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर)
